कार्तिक पूर्णिमा 2025
हिंदू धर्म में कार्तिक मास की पूर्णिमा को अत्यंत पवित्र दिन माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की विशेष पूजा की जाती है। आज पूरे देश में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। मान्यता है कि इस दिन गंगा या किसी अन्य पवित्र नदी में स्नान करने से सभी पाप समाप्त हो जाते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है।
इस वर्ष यह तिथि 4 नवंबर की रात 10:36 बजे से प्रारंभ होकर 5 नवंबर की शाम 6:48 बजे तक रहेगी। इसी दिन देव दीपावली भी मनाई जाती है, जब देवता स्वर्ग से उतरकर गंगा तट पर दीप जलाते हैं।
स्नान का शुभ मुहूर्त
धर्मग्रंथों के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन प्रातःकाल, विशेषकर ब्रह्ममुहूर्त में स्नान करना अत्यंत शुभ माना जाता है। इस समय आध्यात्मिक शुद्धि और देव कृपा प्राप्ति का अवसर होता है। इस वर्ष गंगा स्नान का शुभ मुहूर्त सुबह 4:52 से 5:44 बजे तक रहेगा। इस समय स्नान करने से शरीर और मन दोनों पवित्र होते हैं। जो लोग तीर्थ स्थान नहीं जा पाते, वे घर पर गंगाजल मिलाकर स्नान कर सकते हैं। स्नान के बाद पीले या सफेद वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है।
दान और दीपदान का महत्व
कार्तिक पूर्णिमा के दिन दान-पुण्य का विशेष महत्व है। जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, तिल, घी या सोने-चांदी का दान करना श्रेष्ठ माना जाता है। सायंकाल के समय प्रदोषकाल (शाम 5:15 से 7:50 बजे तक) में दीपदान करना अत्यंत शुभ रहता है। गंगा तट, मंदिर या घर के आंगन में दीप जलाने से जीवन में शुभ ऊर्जा का संचार होता है। इस दिन चंद्रमा को अर्घ्य देना भी उत्तम फलदायी माना जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा पूजा विधि
- स्नान के बाद शुद्ध वस्त्र पहनकर पूजा आरंभ करें। पूजा स्थल या घर का मंदिर अच्छी तरह साफ करें।
- चौकी पर पीला या लाल वस्त्र बिछाएं। भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी, भगवान शिव और चंद्र देव की प्रतिमाएं या चित्र स्थापित करें।
- दीपक जलाकर वातावरण को पवित्र करें। फूल, अक्षत (चावल), तुलसी दल, धूप, दीप, जल और नैवेद्य अर्पित करें।
- मंत्र जप करें जैसे ॐ नमो नारायणाय या विष्णु सहस्रनाम का पाठ। सत्यनारायण कथा का श्रवण करें या घर में आयोजन करें।
- अंत में आरती करें और प्रसाद वितरण करें। शाम को दीपदान कर देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करें।
You may also like

आठवें वेतन आयोग की मंजूरी: कर्मचारियों की सैलरी में बड़ा बदलाव

राहुल गांधी का सेना पर विवादास्पद बयान, बिहार में जातिगत मुद्दों पर उठे सवाल

राज्यसभा सांसद कार्यालय में ईसाई धर्मांतरण की शिकायत दर्ज

कार्तिक पूर्णिमा पर हनुमान गढ़ी मंदिर में लगा भक्तों का तांता, श्रद्धालुओं पर की गई पुष्प वर्षा

हरियाणा में मौसम का अलर्ट: आज बारिश, कल से सर्दी का सितम!




