कब्ज एक ऐसी स्थिति है, जिसमें मल त्याग कम हो जाता है और मल त्यागना मुश्किल हो जाता है। यह कई कारणों की वजह से हो सकता है, जैसे कि डाइट में फाइबर की कमी, तरल पदार्थ और व्यायाम की कमी आदि। हालांकि इससे निपटना मुश्किल नहीं है।
रोजाना बाथरूम में मल त्यागने के लिए जंग लड़ने से अच्छा है कि आप समय रहते ही अपने रूटीन में कुछ चीजों को शामिल कर लें, जो बेहतरीन रिजल्ट्स देते हैं। आज हम आपके लिए 4 घरेलू उपचार लेकर आए हैं, जिसकी मदद से कब्ज से छुटकारा पाना आसान हो जाएगा।
Photos- Freepik
क्या होता है कब्ज?
कब्ज एक ऐसी समस्या है, जिसमें आम तौर पर एक हफ्ते में तीन से कम बार मल त्यागते हैं या मल त्यागने में कठिनाई होती है। हर कोई कभी न कभी कब्ज की समस्या से गुजर सकता है। यह अक्सर डाइट या डेली रूटीन में बदलाव या फाइबर के अपर्याप्त सेवन के कारण हो सकता है। इसके अलावा कुछ चिकित्सीय स्थितियां या फिर दवाएं भी इसका कारण बन सकती हैं। कब्ज का इलाज आमतौर पर आहार और व्यायाम में बदलाव की मदद से किया जा सकता है। लेकिन गंभीर कब्ज के लिए डॉक्टर दवाइयां भी देते हैं।
घर पर कब्ज से छुटकारा कैसे पाएं घरेलू उपचार

वैसे तो ज्यादातर मामलों में, कब्ज की समस्या थोड़े समय के लिए ही रहती है और गंभीर नहीं होती है। लेकिन यह गंभीर भी हो सकता है। कुछ लोगों को अक्सर ही कॉन्स्टिपेशन बना रहता है, जिससे छुटकारा पाने के लिए आप घर पर कुछ आसान घरेलू उपाय कर सकते हैं। न्यूट्रिशनिस्ट लीमा महाजन ने अपने फॉलोअर्स के साथ कब्ज से राहत पाने के लिए कुछ देसी उपाय शेयर किए हैं, जो आपको भी इस समस्या से निपटने में मदद करेंगे।
1- भीगे हुए काले मुनक्के
न्यूट्रिशनिस्ट ने बताया कि अगर आप अक्सर कब्ज की समस्या से परेशान रहते हैं तो रोजाना भिगी हुई किशमिश का सेवन करना आपके लिए लाभदायक साबित हो सकता है। इसके लिए 4-5 किशमिश (काली/मुनक्का) को रात भर भिगो दें और सुबह खाली पेट इसे खाएं। दरअसल, किशमिश फाइबर से भरपूर होती हैं और उनमें सोर्बिटोल होता है, एक नेचुरल कम्पाउंड जो आपकी आंतों में पानी खींचता है। इससे मल नरम हो जाता है और आसानी से निकल जाता है।
2- गर्म पानी के साथ घी

इसके अलावा आप गर्म पानी के साथ घी का सेवन भी कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए एक गिलास गर्म पानी में 1 टीस्पून देसी घी मिलाएं और सुबह सबसे पहले इसे पिएं। घी आपकी आंतों के लिए एक नेचुरल ल्यूब्रिकेंट की तरह काम करता है, जबकि गर्म पानी मल त्याग को सक्रिय करता है। ऐसे में साथ में इनका सेवन मल को बाहर निकालना आसान बनाता है।
3- कीवी फल
कब्ज से राहत दिलाने में विटामिन सी से भरपूर फल कीवी भी बेहद फायदेमंद होता है। कीवी में घुलनशील और अघुलनशील दोनों प्रकार के फाइबर होते हैं जो मल को नरम और भारी रखते हैं। इसके अलावा इस फ्रूट में एक्टिनिडिन एंजाइम भी होता है, जो पाचन में सुधार करता है और भोजन को आपके पेट और आंतों के माध्यम से आसानी से जाने में मदद करता है। आप रोजाना 1-2 कीवी खा सकते हैं। इसका आप नाश्ते से पहले या मिड-मॉर्निंग स्नैक के रूप में सेवन कर सकते हैं। कीवी को उसके छिलके के साथ भी खाया जा सकता है क्योंकि स्किन में अतिरिक्त फाइबर होता है।
4- पानी पिएं

इसके अलावा न्यूट्रिशनिस्ट ने लास्ट में कब्ज से राहत पाने के लिए पानी पीने की सलाह दी है। जैसा कि आपने अभी ऊपर पढ़ा कि तरल पदार्थ की कमी कब्ज का कारण बन सकती है, ऐसे में खुद को अच्छे से हाइड्रेट रखें ताकि मल त्यागना आसान बने।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। यह किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें। एनबीटी इसकी सत्यता, सटीकता और असर की जिम्मेदारी नहीं लेता है।
You may also like
'कोयल' की नई उड़ान! सिर्फ आवाज से मिनटों में तैयार हो जाएगा VIDEO
टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक वाहन बिक्री में 44% की वृद्धि, नोएल टाटा के लिए बड़ी सफलता
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने देखी महेश्वरी साड़ी की बुनाई, बुनकरों की कला के हुए मुरीद, बोले- काबिल-ए-तारीफ
2025 का चंद्र ग्रहण: भारत में 15 शहरों में दिखाई देगा रक्त चंद्रमा
'Wednesday Season 2' का नया भाग: रिलीज़ की तारीख, कास्ट और कहानी की झलक